- कांग्रेस की कर्जमाफी की घोषणा से बचके रहना, वे करते नहीं, सिर्फ बोलते हैं
- सीएम बोले— जितनी सरकारी भर्ती हमारी सरकार कर रही, उतनी कांग्रेस ने की थी क्या?
- कांग्रेस, जनता को ठगने वाली है, सावधान रहना
- सिवनी को नगर निगम बनाने का किया ऐलान
सिवनी। हमारी सरकार बहनों को डिलिवरी के लिए 16 हजार रुपये देती थी, याद कीजिए वह 15 महीने की सरकार को, मुख्यमंत्री कमल नाथ को याद कीजिए। कमल नाथ ने तो वह 16 हजार रुपये भी देना बंद कर दिये थे। बाद में फिर भाजपा की सरकार बनी तो हमने फिर से 16 हजार रुपये देने शुरू किया। अब तो हमारी सरकार हर महीने 1 हजार रुपये भी दे रही है, लेकिन आपका शिवराज सिर्फ 1 हजार में नहीं रुकने वाला, अभी पैसे का इंतजाम करके 1 हजार से बढ़ाकर 1250 करूंगा, फिर जैसे ही पैसे का इंतजाम होगा 1250 से बढ़ाकर 1500 करूंगा, फिर जैसे ही पैसे का इंतजाम होगा 1750 करूंगा और आगे धीरे-धीरे 2,000 रुपया करूंगा, 2000 से 2250 रुपया, 2250 से 2500 रुपया, 2500 से 2750 और अंत में 3000 रूपए कर दूंगा। कांग्रेस ने कभी फ्री में राशन नहीं दिया। हमारी सरकार दे रही है। यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिवनी जिला मुख्यालय में विकास पर्व में कहीं। सभा करने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक रोड शो भी निकाला, जिसमें आपार जन समूह उमड़ा। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमलावर होते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में किसानों को 16-18% ब्याज पर कर्जा मिलता था, हमारी भाजपा की सरकार ने पहले 7% किया, फिर 5%, 3% फिर किया 1% और अब 0% कर दिया है। दुनिया में कहीं नहीं केवल मध्यप्रदेश में किसान को 0% ब्याज पर कर्जा मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आई तो इन्होंने कहा था कि 10 दिन में कर्जा माफ करेंगे, लेकिन नहीं किया। इसलिए जनता ने बाद में मुख्यमंत्री को ही बदल दिया। सीएम शिवराज ने कहा कि झूठ बोलने वाली कांग्रेस और कमलनाथ की झूठी घोषणा के कारण किसान के सर पर ब्याज की गठरी चढ़ गई थी। किसानों के सिर पर बोझ न आए इसलिए वह 2200 करोड़ का ब्याज मैंने भरा ताकि किसानों को ब्याज मुक्त कर सकूं।
सिवनी को दिये कई तोहफे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास पर्व के दौरान सिवनी जिले के विकास के लिए 287 करोड़ 48 लाख 39 हजार के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि सिवनी को नगरनिगम बनाया जाएगा, कुरई में कॉलेज के लिए भवन बनाया जाएगा, गर्ल्स स्कूल के लिए नई बिल्डिंग बनाई जाएगी, नंदी जलाशय में नहर विस्तार का कार्य शुरू किया जाएगा, धनोरा में कॉलेज खोला जाएगा, सिवनी में 300 करोड़ रुपए की परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा।
1 लाख पदों पर कर रहे हैं भर्ती, कांग्रेस ने कभी इतनी भर्ती नहीं की
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरियों पर बात करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि अभी 1 लाख पदों पर सरकारी नौकरियों में भर्ती जारी है। 55000 पदों पर पूरी हो चुकी है और बाकी अभी पुलिस की भर्ती के आवेदन भर दिए गए हैं। पटवारी के मामले में थोड़ा सा संदेह पैदा हुआ तो मैंने तय कर दिया की नियुक्तियां नहीं होगी। संदेश जब तक समाप्त नहीं करेंगे कोई नियुक्ति नहीं होंगी। जांच होगी और गड़बड़ पाए जाने पर, गड़बड़ करने वाले को मामा ठीक कर देगा। कोई चिंता मत करना लेकिन बताओ, जितनी भर्तियां मामा कर रहा है कांग्रेस ने कभी की थी क्या? कमल नाथ ने कहा था कि बेरोजगारी भत्ता देंगे, लेकिन किसी को दिया नहीं।
कई लोग लाड़ली बहना योजना पर सवाल उठा रहे
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को लेकर कई लोग मुझपर तंज कसते हैं, गाली देते हैं कि ये पैसा मैं बर्बाद कर रहा हूं। लेकिन मैं बता दूं, ये योजना बहनों की जिंदगी बदलने का मेरा प्रयास है। चाहे कुछ हो जाए बहनों की आंखों में आसू नहीं रहने देना है। अभी और पैसे का इंतजाम कर रहा हूं, 1000 से बढ़ाकर इसे 3000 तक ले जाऊंगा।
कांग्रेस ने आदिवासियों के पैसे छीने
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बैगा, भारिया, सहरिया जनजाति की बहनों को हर महीने 1 हजार रुपये देती थी, यह योजना भी कमल नाथ ने सीएम बनते ही बंद कर दी थी। कांग्रेस ने जनजाति की बहनों के 1000 रुपये छीन लिये थे।
गुरुवार को 25—25 हजार डालूंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल गुरुवार को मैं 75% अंक लाने वाले भांजे-भांजियों के खाते में 25,000 रुपये डालूंगा। इस राशि से वे लैपटॉप खरीदेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और कमलनाथ ने लैपटॉप देना बंद कर दिया था, बेटियों की शादी करवाकर पैसे नहीं दिये। ये जनता को ठगने वाले हैं।
पेंच परियोजना भाजपा ने बनाई
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज पेंच डायवर्सन योजना भाजपा ने बनवाई। नहर पट्टिकरण करने का प्रोजेक्ट भारत सरकार ने मंजूर किया है। कांग्रेस के जमाने में सड़कों की हातल खराब थी। कांग्रेस के जमाने में मेडिकल कॉलेज का काम नहीं हुआ। सिवनी में भाजपा की सरकार ने विकास के काम किये।
युवाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रही सरकार
सीएम शिवराज ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत युवाओं को बैंकों से लोन दिलाएंगे, लोन की गारंटी भाजपा सरकार लेगी। सीखो-कमाओ योजना में 12वीं, आईटीआई या ग्रेजुएशन वाले छात्रों को काम सीखने के साथ ही 8,000 मिलेंगे। 12वीं में जो बेटा-बेटी अच्छे अंक लाए हैं, एक बेटा और एक बेटी को स्कूटी दिया जाएंगा। 5वीं पास करके 6वीं में जाने वाले छात्रों को साइकिल खरीदने के लिए 4500 रुपये खाते में डाले जाएंगे। हर समाज के बेटा बेटियों का अगर एडमिशन नीट, क्लैट या जेईई मेन्स के माध्यम से हुआ तो फीस भाजपा की सरकार भरेगी। सीएम ने कहा कि तीर्थ दर्शन हमने शुरू की थी, कमलनाथ ने उसे भी बंद कर दिया था। अब हम हवाई जहाज से बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराएंगे। अपना संकल्प है दीदी को लखपति दीदी बनाना है। मेरा टारगेट है स्वसहायता समूह की दीदियों के 10,000 आमदनी प्रतिमाह करेंगे। दीदियां टोल टैक्स की वसूली करेंगी। पाइप लाइन बिछाकर हर घर में टॉटी वाला नल से जल दिया जाने का अभियान चल रहा है।
सिवनी को समृद्ध बनाएंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान भाईयों की जिंदगी बदलना है। व्यापार, व्यवसाय ठीक करके सिवनी को समृद्ध बनाना है। सिवनी की 2,00,000 आबादी हो गई, सिवनी को नगर निगम बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 300 करोड़ से ज्यादा के भूमिपूजन और शिलान्यास के काम हमने किये हैं। सिवनी जिले के बरघाट के मंडी जलाशय में नहर विस्तारीकरण का काम सर्वे के बाद किया जाएगा। पावरग्रिड हाउस तक रोड़ बनवाने का काम स्वीकृत किया जाएगा।
जल्द करूंगा मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि अभी मैं मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करने आने वाला हूं, तब और सौगात दूंगा।
अचानक रथ से उतरकर झुग्गी में पहुंचे शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संवेदनशील चेहरा बुधवार को एक बार फिर सामने आया। वे सिवनी जिला मुख्यालय में जन दर्शन यात्रा निकाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे एक झुग्गी दिखाई दी। यात्रा के दौरान ही सीएम रथ से अचानक उतरकर झुग्गी में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग महिला सोनवती को गले लगाया और उनके लिए घर बनाने के आदेश भी दिये।