- अंतागढ़ के नवागांव में मतदान के समय एरिया डोमिनेशन में लगी थी ड्यूटी
- कनपटी पर मारी गोली, पारिवारिक परेशानी में आत्महत्या करने की आशंका
Dainik Bhaskar
Feb 03, 2020, 04:46 PM IST
कांकेर. छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक बार फिर एक जवान ने आत्महत्या कर ली। कांकेर जिले मेंे सोमवार को चुनाव ड्यूटी के दौरान सशस्त्र सुरक्षा बल (एसएसबी) के जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। जवान के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक किसी परेशानी के चलते जवान ने यह कदम उठाया है। घटना अंतागढ़ क्षेत्र के नवागांव की है। इसकी पुष्टी अंतागढ़ एसडीओपी कौशलेंद्र पटेल ने की है।
गंभीर हालत मेें रायपुर रेफर करने की हो रही थी तैयारी, उससे पहले तोड़ा दम
-
जानकारी के मुताबिक, कोडांगाव के फरसगांव निवासी जयकुमार नेताम सशस्त्र सीमा बल में कांस्टेबल के पद पर नियुक्त था। पंचायत चुनावों को देखते हुए उसकी ड्यूटी सोमवार को नवागांव में एरिया डोमिनेशन के लिए लगी थी। मतदान खत्म होने के बाद करीब अपराह्न 3.30 बजे जयकुमार ने अपनी सर्विस राइफल कनपटी पर सटाकर गोली मार ली। इसके चलते गोली उसके सिर को तोड़ते हुए पार निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के जवान दौड़कर मौके पर पहुंचे और उसे अंतागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया।
-
जवान को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किए जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि घटना से पहले जवान मोबाइल पर बातें कर रहा था। इसके बाद अचानक से उसने खुद को गोली मार ली। कॉंस्टेबल जयकुमार नेताम 28वीं बटालियन में तैनात था। इससे पहले शनिवार देर रात बीजापुर में सीएएफ के एक जवान ने अपने साथियों पर गोलियां चला दी थी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इसमें दो जवानों की मौत हो गई थी।
Source link