भास्कर न्यूज|सुकमा. अरलमपल्ली की पहाड़ी में शनिवार शाम हुए एनकाउंटर में एक हथियारबंद नक्सली को ढेर हो गया। एनकाउंटर में मारे गए नक्सली की पहचान माड़वी सुक्का पेंटापाड़ मिलिशिया कमांडर के रूप में की गई है। जवानों ने मौके से भरमार बंदूक, हैंड ग्रेनेड और पिट्ठू बरामद किया है। डीआरजी जवानों की टुकड़ी अरलमपल्ली की पहाड़ी में मारे गए नक्सली का शव बरामद कर कैंप की ओर रवाना हो गई है। एसपी शलभ सिन्हा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए देर शाम तक जवानों की टुकड़ी के कैंप लौटने की बात कही है। उन्होंने बताया कि पोलमपल्ली कैंप से डीआरजी जवानों की टुकड़ी सर्चिंग पर अरलमपल्ली की ओर शुक्रवार रात को रवाना की गई थी। सर्चिंग से लौटने के दौरान शनिवार शाम अरलमपल्ली की छोटी पहाड़ी के पास घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी गोलीबारी में एक नक्सली ढेर हो गया।