गुना, ब्यूरो। राजनीति (Politics) में कब क्या हो जाये? किसे कहां लाभ मिल जाये, कौन कब फिसल जाये? यह किसी को नहीं पता होता है। चुनाव जीतने वाला कब हार का कारण बन जाये? और हारने वाला कब बाजी मार जाये? यह भी कोई नहीं जानता। इन दिनों मध्य प्रदेश की एक ऐसी ही विधानसभा सीट है, जहां पर राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। इस बीच गुना जिले से एक वीडियो सामने आया है, जहां पर चाचौड़ा (chachuda) विधानसभा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह गाने में मस्ती करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह गाना प्रसिद्ध फिल्म ‘नदिया के पार’ का है और गाने के बोल हैं- जोगी जी वाह। वीडियो में दिख रहा है कि लक्ष्मण सिंह मंच संचालिका (शायद लोक गायिका) से कह रहे हैं कि आप सिर्फ ‘जोगी जी वाह’ ही बोलना बाकि मैं बोलूंगा। लक्ष्मण गा रहे हैं- जोगीजी कोई ढूँढे मूँगा कोई ढूँढे मोतिया, हम ढूँढे अपनी जोगनिया को। जोगीजी ढूँढ के लादो, जोगीजी वाह जोगीजी मिला दो हमें मिलादो, जोगीजी वाह जोगीजी। जहां वे गाना गा रहे हैं, वहीं पर उनके भतीजे व विधायक जयवर्धन भी मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। यह दृश्य जन आक्रोश यात्रा का है। यात्रा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, विधायक जयवर्धन सिंह सहित की दिग्गज नेता के कार्यक्रम में मौजूद थे। गुना (Guna) जिले के बीनागंज में यात्रा का समापन कार्यक्रम रखा गया था।
इस गाने को चाचौड़ा विधानसभा सीट में मचे राजनीतिक घमासान से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि लक्ष्मण सिंह भाजपा की प्रत्याशी प्रियंका मीणा पेंची (Priyanka Meena Penchi) और भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी बनीं ममता मीणा (Mamta Meena) पर तंज कस रहे हैं। दो महिला नेत्रियों के मैदान में आने के बाद लक्ष्मण सिंह (Laxman Singh MLA) अपनी जीत तय मानकर चल रहे हैं। यह अलग बात है कि कांग्रेस ने अभी यहां प्रत्याशी तय नहीं किया है।
आपको बता दें कि गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा में लक्ष्मण सिंह विधायक हैं। वे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के छोटे भाई हैं और छोटे राजा के नाम से उन्हें पुकारा जाता है। पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह के चाचा हैं। चाचौड़ा विधानसभा इस बार इसलिए दिलचस्प हो गई है, क्योंकि भाजपा ने यहां एक पैराशूट उम्मीदवार प्रियंका मीणा को टिकट दिया है, जबकि वे फरवरी 2023 में ही भाजपा में शामिल हुई हैं। प्रियंका को टिकट देने के लिए भाजपा ने ममता मीणा का टिकट काट दिया है, जबकि ममता मीणा पूर्व में भाजपा से विधायक रह चुकी हैं। नाराज होकर ममता ने भाजपा छोड़ दिया, उसके बाद आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर लिया। आप ने उन्हें यहां से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। माना जा रहा है कि ममता और प्रियंका की लड़ाई का फायदा कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह को मिल सकता है। आने वाले दिनों में कांग्रेस लक्ष्मण को यहां से अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है।