लिंक रोड का बी-8 बंगला बना ठिकाना
भोपाल। श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री निवास में 16 साल से अधिक समय तक रहने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने दूसरे घर में शिफ्ट कर लिया है। शिवराज सिंह चौहान ने बाकायदा पूजा पाठ कर सीएम हाउस से विदाई ली।
![](https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231227-WA0019-1024x683.jpg)
सीएम हाउस में शिवराज की सपरिवार अंतिम पूजा
सीएम हाउस छोड़ना शिवराज और उनके परिवार के साथ मुख्यमंत्री निवास के कर्मचारियों के लिए भी भावुक पल था। शिवराज सिंह चौहान साल 2006 में पहली बार इस बंगले में रहने आए थे। लगातार तीन कार्यकाल तक मुख्यमंत्री रहने के दौरान यही रहे। इसी बंगले में शिवराज सिंह दोनों पुत्रों कार्तिकेय और कुणाल का बचपन बीता। साइकिल चलाने से लेकर कार चलाने तक का सफर उन्होंने यही तय किया। सीएम हाउस में रहने के दौरान शिवराज ने इस बंगले को विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के जरिए आम लोगों तक भी अलग पहचान दिलाई। उनकी सामाजिक पंचायतें और कार्यक्रम इसी बंगले के कैंपस में हुआ करते थे। इसके चलते प्रदेश भर के लाखों लोगों को मुख्यमंत्री निवास देखने का भी अवसर मिला।
![](https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231227-WA0021-1024x683.jpg)
![](https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231227-WA0017-1024x683.jpg)
साल 2018 में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद शिवराज ने इस बंगले को छोड़ दिया था और तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बंगले का रिनोवेशन कराया। 2020 में कमलनाथ सरकार गिरने के बाद फिर शिवराज मुख्यमंत्री बने और इस बंगले में पुनः पहुंच गए। 12 दिसंबर को नई सरकार बनने के साथ इस बंगले से शिवराज सिंह चौहान की विदाई तय हो गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री अब 74 बंगला स्थित अपने लिंक रोड स्थित बी-आठ निवास में शिफ्ट हो गए हैं। इस बंगले को उनके लिए नए तरीके से सजाया गया है। बंगले के बगल में स्थित दूसरे बंगले को भी इसमें मर्ज कर दिया गया है। एक तरीके से सीएम हाउस से थोड़ा छोटा लेकिन दूसरे मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री से बड़ा बंगला शिवराज के पास है। बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के पहले शिवराज सिंह चौहान इसी बंगले में रहा करते थे। यहीं पर स्थित चुनाव कार्यालय जावली से बीजेपी की सरकार बनने का रास्ता खुला था। 2018 में शिवराज वापस इस बंगले में रहने आए और उन्हें यह छोटा लगा तो प्रोफेसर कॉलोनी स्थित बड़े बंगले में जाने का मन बनाया। लेकिन उस निवास को लेकर तरह-तरह की बातों को चलते शिवराज ने चार इमली स्थित भूपेंद्र सिंह के बंगले को पसंद किया था, पर अंत में वे बी-आठ में ही रहे। यह अब फिर शिवराज सिंह चौहान का निवास स्थान बन गया है। इस बंगले की कहानी भी बड़ी रोचक है दिग्विजय सिंह सरकार में पावरफुल मंत्री रहे सत्यनारायण शर्मा इसमें रहा करते थे और इसे आपसी चर्चा में लोग लक्ष्मी निवास भी कहते हैं।
<