- गरीबों का संबल बने शिवराज
- 26 हजार 150 श्रमिक परिवारों के खाते में पहुंचे 583 करोड़ 36 लाख रुपए
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक से खातों में डाली संबल योजना की अनुग्रह सहायता
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को 26125 श्रमिकों के परिवारों को 583 करोड़ 36 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी सरकार के लिए दरिद्र ही नारायण है, सरकार गरीबों का संबल है। अनुग्रह राशि वितरित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूर्व कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर जन-कल्याण की योजनाओं को बंद करने का आरोप भी लगाया। सीएम शिवराज ने कहा कि मेरे श्रमिक भाई-बहनों आपका जीवन सरल हो और आप भी सानंद जीवन व्यतीत करें, यही हमारा संकल्प है। मंत्री ने कहा कि बेटा-बेटी को जन्म देने पर हम श्रमिक बहन को ₹16 हजार की राशि देते हैं, ताकि बहन आराम कर सके, उसे ठीक पोषण मिले और बच्चों का पालन-पोषण भी अच्छी तरह से हो सके।
कांग्रेस ने बंद कर दी थी संबल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इसके पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। उस सरकार ने भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई संबल योजना को बंद करने का महा पाप किया था। इसके बाद हमारी सरकार बनी, हमने योजना को फिर से शुरू की ताकि गरीब मजदूरों को राहत मिल सके।
प्रकरणों के तहत दी राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि संबल योजना में 24 हजार 36 प्रकरणों में राशि 538 करोड़ रुपए और निर्माण श्रमिकों के 2 हजार 114 प्रकरणों में राशि 45 करोड़ 36 लाख रुपए का वितरण किया गया। वितरित की जाने वाली राशि में जन सेवा अभियान के दौरान प्राप्त संबल योजना में 11 हजार 606 प्रकरणों में 258 करोड़ से अधिक तथा भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल के अतंर्गत प्राप्त 1,516 प्रकरणों में 32 करोड़ से अधिक की राशि भी शामिल है।
क्या है संबल योजना
आपको बता दें कि संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता के रूप में दुघर्टना में मृत्यु पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख, स्थायी अपंगता पर 2 लाख, आंशिक स्थायी अपंगता पर एक लाख और अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपये की राशि दी जाती है। योजना में महिला श्रमिक को प्रसूति सहायता के लिए 16 हजार रूपये दिये जाते हैं और श्रमिकों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा भी प्रदान की जाती है।