भोपाल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक किसान के बेटे हैं, यही वजह है कि जबसे उन्होंने प्रदेश की कमान संभाली है तभी से वे किसानों के हित में योजनाएं बना रहे हैं। सीएम शिवराज कहते हैं कि मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास में किसान की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसी सोच के मद्देनजर किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये निरंतर कार्य किये हैं, जो आज भी बदस्तूर जारी है। 22 जनवरी को सिंगरौली में वे 6 लाख 89 हजार किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि डालेंगे।
संकट में किसानों को योजना देती है संबल
खेती लाभ का व्यवसाय बने और संकट में किसानों की सहायता के लिए शिवराज सरकार ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की शुरुआत की थी, इस योजना में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपए के अतिरिक्त 4 हजार रुपए मिलाकर किसानों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की सहायता दी जाती है। सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ‘मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना’ के अंतर्गत रीवा संभाग के 6 लाख 89 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से द्वितीय किश्त का भुगतान करेंगे।
अब तक 4751 करोड़ रुपये का भुगतान
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में किसानों को प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 2-2 हजार रूपये की दो किश्तें प्रदान की जा रही हैं। अब तक प्रदेश के 80 लाख किसानों को 4751 करोड़ रूपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। ये राशि छोटे किसानों को मुश्किल वक्त में मददगार साबित होती है।
कृषि में सर्वोपरि मध्यप्रदेश
किसान पुत्र शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में अग्रणी प्रदेश है, जिसने कई कीर्तिमान रचते हुए लगातार 7 बार कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त किया है। पंजाब जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए मध्यप्रदेश गेहूँ उत्पादन के साथ ही उपार्जन में भी अव्वल है। जैविक खेती में एमपी नंबर वन है, वहीं गुड गवर्नेंस इण्डेक्स 2021 में कृषि संबद्ध क्षेत्र में मध्यप्रदेश नम्बर वन है।
6 लाख 89 हजार से ज्यादा किसानों के खाते में रुपये डालेंगे शिवराज
